BPSC 70वीं मेंस का रिजल्ट जारी, 5401 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई

बीपीएससी 70वीं मेंस का रिजल्ट जारी, 5401 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई

पटना : बिहार लोक सेवा आयोग यानी बीपीएससी ने 70वीं संयुक्त मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. मुख्य परीक्षा में शामिल हुए 20034 अभ्यर्थियों में से 5401 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं. इन सफल अभ्यर्थियों को अब इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और इंटरव्यू के बाद फाइनल मेरिट लिस्ट जारी किया जाएगा.

कहां देखें रिजल्ट? : दरअसल, मुख्य परीक्षा का आयोजन 25 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 के बीच पटना के 32 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था. आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि परिणाम निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी किया गया है. अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bihar.gov.in पर अपना रिजल्ट देख सकते हैं

2035 पदों पर होनी है भर्ती : इस वैकेंसी के तहत कुल 2035 पदों पर नियुक्तियां होनी हैं. रिपोर्ट के अनुसार प्रति पद औसतन 10 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है. साक्षात्कार 120 अंकों का होगा और इसकी तिथि शीघ्र ही अधिसूचित की जाएगी

पूरी चयन प्रक्रिया पर नजर डालें तो प्रारंभिक परीक्षा में 4.83 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. 13 दिसंबर को 912 केंद्रों पर 3,28,990 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा दी. बापू परीक्षा परिसर में हुए हंगामे के कारण रद्द हुई परीक्षा 4 जनवरी को 22 केंद्रों पर फिर से आयोजित की गई. जिसमें 12000 में से 5900 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था
24 जनवरी को आया था प्रीलिम्स का रिजल्ट : बीएससी 70 वीं प्रीलिम्स परीक्षा का परिणाम 24 जनवरी को जारी किया गया था. उसमें कुल 21581 अभ्यर्थी सफल हुए थे. श्रेणीवार सफलता के आंकड़े इस प्रकार थे. सामान्य वर्ग के 9017, अनुसूचित जाति के 3295, अनुसूचित जनजाति के 211, पिछड़ा वर्ग के 2793, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 3515, पिछड़ा महिला वर्ग के 601, दिव्यांग वर्ग के 561, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 2149 और स्वतंत्रता सेनानी कोटा के 280 अभ्यर्थी
इंटरव्यू के बाद अंतिम मेरिट लिस्ट : अंतिम मेरिट सूची मुख्य परीक्षा के 900 अंक और साक्षात्कार के 120 अंक के आधार पर किया जाएगा, यानी कुल 1020 अंकों के आधार पर रिजल्ट तैयार की जाएगी. आरक्षण श्रेणी के अनुसार ही परिणाम जारी किया जाएगा. यदि किसी अभ्यर्थी के अंक समान आते हैं तो जिसके प्राप्तांक अधिक होंगे, उसे मेरिट सूची में ऊपर रखा जाएगा

#BPSC70thMains #BPSCExamResult #Bihar

Comments