सारण में चोरों ने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ली. एसएसपी कुमार आशीष ने मामले में एसआईटी का गठन किया है
बिहार के सारण में चोरी की घटनाएं बढ़ गईं हैं. चोरों ने इस बार मंदिर को निशाना बनाया है. देर रात जिले के मशरख स्थित राम जानकी मंदिर में लाखों की चोरी हुई है. आज अहले सुबह सफाईकर्मियों ने इसकी सूचना थाने को दी. जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
राम जानकी औैर लक्ष्मण की मूर्ति गायब: घटना रविवार रात करीब 12:30 बजे की है. चोरों ने मंदिर के पीछे का ताला काटकर छोटे गेट की कुंडी तोड़ दी. सीसीटीवी कैमरे के तार को भी काट दिया गया. भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की कुल तीन मूर्ति और नकद राशि लेकर चोर फरार हो गए. सीसीटीवी में चार संदिग्ध चोरों को घटनास्थल के आसपास देखा गया है
सफाईकर्मी ने दी चोरी की सूचना: सुबह जब मंदिर की सफाई के लिए सफाईकर्मी आए तो देखा कि मूर्ति गायब है. जिसके बाद उसने चोरी की घटना की सूचना थाने को दी. वहीं सूचना के बाद मशरख थाना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. खुद पुलिस उपमहानिरीक्षक-सह-वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-मढ़ौरा 2 ने भी मंदिर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया
मामले में एसआईटी का गठन: वहीं, घटना के सफल उद्भेदन के लिए मशरख एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है, जो तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गहन अनुसंधान कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है. सीसीटीवी में चार संदिग्ध नजर आ रहे हैं. डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है
एसएसपी ने की बड़ी कार्रवाई: फिलहाल इस मामले में एसएसपी कुमार आशीष ने रात्रि गश्ती दल के एएसआई जितेन्द्र चौधरी को गश्ती और चेकिंग कार्य में लापरवाही बरतने के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन्होंने कहा कि अन्य दोषी और लापरवाह अधिकारियों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी. साथ जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है.
"आज दिनांक-05.01.26 को मशरख थाना अंतर्गत रामजानकी मंदिर में चोरी की घटना की सूचना मंदिर के सफाईकर्मी द्वारा प्रातः लगभग 03:00 बजे थाना को दी गई. सूचना के आलोक में मशरक थाना पुलिस टीम द्वारा तत्काल जांच प्रारंभ की गई,घटना के सफल उद्भेदन हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. जांच पूर्ण होने के उपरांत लापरवाह पुलिसकर्मियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी."- कुमार आशीष, पुलिस उपमहानिरीक्षक सह एसएसपी, सारण
Comments
Post a Comment